योगी-नाथ समाज के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से की भेंट
- By admin_kp
फरीदाबाद। अखिल भारतीय योगी नाथ उपाध्याय समाज सेवा संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष योगी तेजपाल सिंह के नेतृत्व में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से शिष्टाचार भेंट की। इस महत्वपूर्ण बैठक के दौरान मुख्यमंत्री आवास पर योगी, योगी-नाथ एवं जोगी समाज की सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रमुख मांगें एवं विसंगतियों पर ध्यान आकर्षण
राष्ट्रीय अध्यक्ष योगी तेजपाल सिंह ने मुख्यमंत्री को समाज के समग्र उत्थान हेतु एक नौ सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। बैठक का मुख्य बिंदु हरियाणा सरकार के वार्षिक कैलेंडर में गुरु गोरक्षनाथ स्मृति दिवस की तिथि को लेकर रहा। योगी तेजपाल सिंह ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि हरियाणा सरकार द्वारा प्रकाशित वर्ष 2026 के कैलेंडर में इस दिवस को 23 मई दर्शाया गया है। प्रतिनिधिमंडल ने आग्रह किया कि इसे परंपरा के अनुसार वैशाख पूर्णिमा (01 मई 2026) को संशोधित कर मनाया जाए। वर्ष 2026 में वैशाख पूर्णिमा के अवसर पर सरकार योगी समाज की सहभागिता के साथ भव्य राज्यस्तरीय कार्यक्रम आयोजित करे। वहीं प्रत्येक जिले से समाज के प्रतिनिधियों को सरकारी आयोजनों और नीति-निर्धारक कमेटियों में स्थान दिया जाए। प्रत्येक जिले के मुख्य चौक का नामकरण गुरु गोरक्षनाथ जी के नाम पर करने की मांग की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने समाज के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए शैक्षणिक और आर्थिक सुरक्षा के मुद्दे को उठाया। साथ ही योगी समाज के विद्यार्थियों के लिए विशेष छात्रवृत्ति योजना लागू हो ताकि वह उच्च शिक्षा में पिछड़ न सकें। विद्यालयों के पाठ्यक्रम में गुरु गोरक्षनाथ एवं नाथ संप्रदाय के इतिहास को शामिल करने और विश्वविद्यालयों में विशेष शोध इकाइयां गठित करने की मांग रखी गई।
समाज की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु गुरु गोरखनाथ कल्याण बोर्ड के तत्काल गठन की मांग की गई। समाज के भूमिहीन परिवारों को कृषि और आवास हेतु भू-खंड उपलब्ध कराए जाने का आग्रह किया गया। हरियाणा की राजनीति और प्रशासन में योगी-नाथ समाज की उचित हिस्सेदारी सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों को बेहद गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने समाज की भावनाओं का सम्मान करते हुए आश्वासन दिया कि सरकार इन न्यायोचित मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी और जल्द ही सकारात्मक निर्णय लिए जाएंगे।
इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष योगी तेजपाल सिंह ने कहा कि यह मुलाकात योगी-नाथ समाज के सम्मान और अधिकारों की रक्षा की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। समाज अब एकजुट और जागरूक है। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि वर्तमान सरकार सबका साथ-सबका विकास के मंत्र पर चलते हुए योगी समाज को उसका हक प्रदान करेगी। इस मौके पर अंबाला से प्रेमचंद वासी, विद्यासागर, संतोष कुमार, दनारपुर निवासी तेजपाल, लाडवा से चमनलाल, सुभाष कुमार, राकेश कुमार, रविंद्र सिंह, बृजपाल, पंचकूला निवासी रजनी, विक्रम सिंह, सुरेंद्र कुमार, लाडवा स्थित बडोडी के सरपंच बलवान सिंह, लाडवा के संगठन युवा अध्यक्ष दीपक, शशि भूषण, मदन लाल, पृथ्वी सिंह, प्रदीप कुमार, लाडवा निवासी दीपक, रतन हेड़ी के सरपंच शिव कुमार, रामेश्वर योगी, मोहित कुमार, हरीश, दिनेश, वीरेंद्र, नवदीप समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।