गुरु गोरक्षनाथ ने योग शिक्षा से समाज की कुरीतियों को खत्म किया: योगी तेजपाल सिंह
- By admin_kp
गुरु गोरक्षनाथ के प्रकट उत्सव पर अंबाला के तंदवाल में रखी मंदिर की आधारशिला
फरीदाबाद। शिव अवतारी, नाथ संप्रदाय के महान योगी और सिद्ध पुरुष, हठयोग की परंपरा की शुरूआत करने वाले गुरु गोरक्षनाथ जी पहले महान संत थे। यह बात अखिल भारतीय योगी नाथ उपाध्याय समाज सेवा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगी तेजपाल सिंह ने आज गुरु गोरक्षनाथ जी के प्रकट उत्सव के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों में कही। गुरु गोरक्षनाथ जी के प्रकट उत्सव पर जिला अंबाला के ग्राम तंदवाल में दो हजार गज में बनने वाले मंदिर की आधारशिला हवन-पूजन कर बतौर मुख्य अतिथि योगी तेजपाल सिंह ने रखी। इस अवसर पर समाज के सभी प्रबुद्ध लोग मौजूद रह।
इस अवसर पर योगी तेजपाल ने कहा कि महान संत गुरु गोरक्षनाथ जी ने समाज को योग की शिक्षा दी। उन्होंने योग एवं ज्ञान के माध्यम से समाज में फैली कुरीतियों को खत्म करने का काम किया। गुरु गोरक्षनाथ जी ने आसन, प्राणायाम, षट्कर्म, मुद्रा, नादानुसंधान और कुंडलिनी जागरण जैसे योग सिखाए। उन्होंने कहा कि तंदवाल में गुरु गोरक्षनाथ जी का मंदिर बनने से जहां बड़े-बुजुर्गों को मंदिर में पूजा करने का मौका मिलेगा। वहीं जोगी समाज के युवाओं को गुरु गोरक्षनाथ जी द्वारा दी गई योग शिक्षाओं के बारे में जानने को भी मिलेगा।
वहीं सोनीपत के जोगियान धर्मशाला में भी बड़े ही हर्ष के साथ आज महान योगी गुरु गोरक्षनाथ जी का प्रकट उत्सव समाज के प्रबुद्ध लोगों ने मिलकर मनाया। इस अवसर पर समाज के लोगों ने योगी तेजपाल सिंह को माला पहना एवं बुक्के भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर योगी तेजपाल सिंह ने कहा कि युवा पीढ़ी अधिक से अधिक उच्च शिक्षा प्राप्त करें। शिक्षा ही एक ऐसा माध्यम है जिससे वह समाज में अग्रणी श्रेणी में शामिल हो सकते हंै। उन्होंने युवाओं से यह भी अपील की कि सभी युवा मिलजुल कर आगे बढ़े और जोगी समाज का नाम ऊंचा करें। इस मौके पर सोनीपत के विधायक निखिल मदान और मेयर राजीव जैन, संगठन के प्रदेश अध्यक्ष उमेद सिंह छतहेरा, राष्ट्रीय सह सचिव विद्यासागर मदन व समाज के मौजिज लोग मौजूद रहे।