विश्व हिन्दू महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त हुए योगी तेजपाल सिंह
- By admin_kp
सनातन धर्म और हिन्दूत्व के लिए काम करना ही एकमात्र लक्ष्य: योगी तेजपाल
फरीदाबाद। विश्व हिन्दू महासंघ ने राष्ट्रीय कोर कमेटी की बैठक आयोजित कर संगठन के विस्तार की घोषणा की। जिसमें योगी तेजपाल सिंह को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया। इस अवसर पर विश्व हिन्दू महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री कालिका पीठाधीश्वर महंत सुरेन्द्र नाथ अवधूत ने नव-नियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल पद देना नहीं, बल्कि सनातन धर्म और हिन्दुत्व के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि संगठन में कोई भी पद स्थायी नहीं होता, बल्कि जो कार्यकर्ता संगठन हित में निरंतर समर्पित भाव से कार्य करता है, वही आगे बढ़ता है और नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालता है। महंत अवधूत ने कहा कि विश्व हिन्दू महासंघ राष्ट्र, धर्म और समाज के लिए कार्य करने वाला संगठन है, जहां सेवा, त्याग और अनुशासन सर्वोपरि हैं। उन्होंने कहा कि संगठन उन कार्यकर्ताओं को आगे लाता है जो बिना किसी स्वार्थ के हिन्दुत्व, संस्कृति और राष्ट्रीय एकता के लिए कार्य करते हैं।
इस मौके पर नव नियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष योगी तेजपाल सिंह ने कहा कि आज जो विश्वास श्री कालिका पीठाधीश्वर महंत सुरेन्द्र नाथ अवधूत ने उन पर जताया है। उस पर वह हमेशा खरे उतरेंगे। तेजपाल सिंह ने कहा कि संगठन को और अधिक सक्रिय, मजबूत और जन-आधारित बनाने के लिए निरंतर कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि महंत सुरेंद्र नाथ अवधूत ने उन्हें सिखाया कि जितना आप धर्म की रक्षा करेंगे, उतनी ही धर्म आपकी रक्षा करेगा। इसी पथ पर आगे बढ़ते हुए वह हमेशा सनातन धर्म, हिन्दूत्व के लिए काम करते रहेंगे। साथ ही राष्ट्रीय संगठन मंत्री विक्रम गोस्वामी को नियुक्त किया गया।
बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी जलेश्वरानंद गिरि, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी सत्यानंद गिरि, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आचार्य शुभेश शरमनी, प्रभाष चंद्र, सचिन वशिष्ठ, सोमेश शर्मा, सुनील शर्मा, सुरेश दक्ष व विश्व हिन्दू महासंघ के सभी कार्यकर्ता मौजूद रहे।